Wednesday, April 1, 2015

अब युवराज और जहीर देख रहे हैं ये सपना.

नई दिल्ली। भारतीय टीम से बाहर चल रहे कुछ पुराने दिग्गज खिलाड़ियों के लिए आइपीएल आठ एक सुनहरा मौका लेकर आया है। अब ये खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में बढ़िया प्रदर्शन कर टीम में अपनी वापसी का सपना देख रहे हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स के नए खिलाड़ी युवराज सिंह और जहीर खान ने कहा कि वो आइपीएल में शानदार प्रदर्शन के बूते भारतीय टीम में वापसी करना चाहते हैं।
दिल्ली ने फरवरी में हुई नीलामी में युवराज सिंह को 16 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड फीस देकर खरीदा था और यह ऑलराउंडर अब इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहता है। युवराज सिंह ने कहा कि उपचार के बाद पिछले कुछ साल मेरे लिए काफी मुश्किल रहे। मैं अब अच्छी लय में हूं, मैंने कड़ी मेहनत की है और मेरे लिए घरेलू सत्र अच्छा रहा। मुझे अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा है और उम्मीद करता हूं कि यहां से चीजे अच्छी होंगी और मैं टीम में वापसी करूंगा।
पिछले साल मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट के बीच से हटने के बाद इस साल जहीर को दिल्ली की टीम ने चार करोड़ रुपए में खरीदा है। जहीर का मानना है कि आइपीएल सही दिशा में उठाया गया कदम है। जहीर ने कहा कि मैं फिर अपने क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं। मैं पिछले कुछ समय से क्रिकेट से दूर रहा इसलिए वापसी करने को लेकर बेताब हूं। मैं एक बार में एक कदम उठा रहा हूं और आइपीएल निश्चित तौर पर पहला कदम है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 2014 की शुरुआत में अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले जहीर को एक बार फिर गैरी कर्स्टन के मार्गदर्शन में खेलने की खुशी है जो 2011 में भारत की विश्व कप जीत के दौरान टीम इंडिया के कोच थे। जहीर ने कहा कि गैरी काफी अच्छे कोच हैं और हमने काफी समय साथ बिताया है। इसलिए उम्मीद करते हैं कि हम इस बार दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ इस सफलता को दोहराने में सफल रहेंगे।
भारत के लिए पिछला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच 2013 में खेलने वाले युवराज का मानना है कि यह सत्र उनके करियर के लिए ही नहीं बल्कि दिल्ली के लिए भी अहम है जो पिछले साल आठ टीमों की प्रतियोगिता में अंतिम स्थान पर रहा था। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए अहम सत्र है। मेरे लिए घरेलू सत्र अच्छा रहा है इसलिए उम्मीद करता हूं कि यह फॉर्म मैं आइपीएल में भी जारी रखूंगा। यह हालांकि अलग होगा क्योंकि टी-20 अलग तरह का प्रारूप है।

No comments:

Post a Comment