मेरठ/मुजफ्फरनगर. शुक्रवार की शाम मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों ने पेशी से वापस लौट रहे एक बंदी पर ताबड़तोड़ गोली बरसा दी। गोली लगने से घायल बंदी को अस्पताल भेजा गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। स्टेशन पर गोली चलने से यात्री अपनी जान बचाने को इधर उधर दौड़ पड़े। फायरिंग से स्टेशन परिसर पर भगदड़ मच गई। हमलावर हवा में गोलियां दागते हुए फरार हो गए। खालापार निवासी आसिफ जाहिदा के विरूद्ध कई संगीन मामले दर्ज थे।
आसिफ को नैनी जेल से मुजफ्फरनगर न्यायालय में पेशी पर लाया गया था। शुक्रवार शाम को इलाहाबाद के पुलिस कर्मी आसिफ को कचहरी से वापस नैनी के लिए लेकर चले थे। पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं.-2 पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक आसिफ को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मी भी संभल नहीं सके। जब तक उन्होंने मोर्चा संभाला कई गोलियां आसिफ को लग चुकी थीं। जीआरपी और आरपीएफ ने हमलावरों का पीछा भी किया, लेकिन हमलावर नहीं पकड़े जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।
एसएसपी केबी सिंह, एसपी सिटी श्रवण कुमार, सीओ सिटी संजीव कुमार वाजपेयी व एसओ सिविल लाइन भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में चेकिंग अभियान भी चलाया लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। जिला अस्पताल से गंभीर हालत में आसिफ को मेरठ रेफर किया गया जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के पीछे गैंगवार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कचहरी में कड़ी सुरक्षा के कारण स्टेशन पर किया हमला
16 फरवरी को कुख्यात गैंगस्टर विक्की त्यागी की भरी अदालत में हत्या के बाद पुलिस द्वारा कचहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के चलते हमलावरों ने आसिफ पर हमले के लिए रेलवे स्टेशन को चुना। यही कारण रहा कि जब पुलिसकर्मी आसिफ को लेकर स्टेशन पहुंचे तो हमलावरों ने उस पर गोली बरसा दी।
No comments:
Post a Comment