Thursday, April 2, 2015

गिरिराज का विरोध करने वाले निरुपम ने माना- स्मृति को 'ठुमकेवाली' कहना गलत नहीं

गिरिराज का विरोध करने वाले निरुपम ने माना- स्मृति को 'ठुमकेवाली' कहना गलत नहीं
 
मुंबई. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर आपत्तिजनक बयान देने वाले केंद्रीय मंत्री व बीजेपी नेता गिरिराज सिंह का विरोध करते हुए कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी कुछ ऐसा कह दिया, जिस पर विवाद हो सकता है। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व सांसद निरुपम ने बीजेपी नेता स्मृति ईरानी को लेकर पूर्व में की गई अपनी टिप्पणी 'ठुमकेवाली' को सही ठहराया। लगभग दो साल पहले एक न्यूज चैनल पर बहस के दौरान निरुपम ने टीवी सीरियलों में काम करने के लिए बीजेपी नेता और वर्तमान एचआरडी मिनिस्टर स्मृति ईरानी को 'ठुमकेवाली' करार दिया था। उसके तुरंत बाद ईरानी शो छोड़कर चली गई थीं और बाद में बीजेपी ने निरुपम को कानूनी नोटिस भी भेजा था।
निरुपम ने दिया भजन का हवाला
मुंबई में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान निरुपम ने गुरुवार को कहा कि बीजेपी के मंत्री गिरिराज सिंह ऐसा बयान दे रहे हैं, उस आधार पर 'ठुमकेवाली' को महिला विरोध टिप्पणी नहीं समझना चाहिए। निरुपम ने कहा, ''मैंने स्मृति ईरानी के कामकाज को लेकर बयान दिया था। वह एक एक्ट्रेस हैं, यह उनका पेशा है तो उसे लेकर कोई बात करना महिला विरोधी बयान नहीं हो सकता। मैंने जिस तरीके से कहा, उसमें कुछ भी गलत नहीं था। 'ठुमक-ठुमक राम चले' एक भजन है। अगर इस आधार पर मैंने उन्हें ठुमकेवाली कह दिया तो क्या गलती है?''
क्या कहा था गिरिराज सिंह ने
गिरिराज सिंह के बुधवार को हाजीपुर में कहा था कि अगर राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियन से शादी की होती और सोनिया गोरी चमड़ी वाली नहीं होतीं तो क्या कांग्रेसी उन्‍हें अध्‍यक्ष के रूप में स्वीकारते? गिरिराज ने राहुल गांधी के छुट्टी पर जाने का भी मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा, ''राहुल मलेशियाई विमान की तरह गायब हो गए हैं। उनका कुछ पता नहीं लग पा रहा है।''

No comments:

Post a Comment