नई दिल्ली. मथुरा रोड पर गोल्फ लिंक के पास सोमवार को ट्रैफिक पुलिस का सिपाही एक महिला पर ईंट से हमला करते कैमरे में कैद हो गया। दिल्ली पुलिस के सिपाही को बर्खास्त कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी सिपाही सतीश चंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के कमिश्नर बीएस बस्सी ने इस घटना पर पुलिसवालों की ओर से खेद जाहिर किया है। पीड़ित महिला को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से इलाज के उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। पीड़ित महिला तुगलक रोड थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इस घटना का वीडियो बनाने वाले कमलकांत ने कहा कि जब महिला ने ट्रैफिक पुलिस वाले को पैसे नहीं दिए तो उसने महिला की पिटाई की।
पीड़ित महिला ने सुनाई आपबीती
एक टीवी चैनल से बात करते हुए चिराग दिल्ली की रहने वाली पीड़ित महिला रमनजीत कौर ने कहा, 'गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल में पैरेंट-टीचर मीटिंग के बाद मैं अपने दो बच्चों के साथ घर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस वाले ने रेड लाइट जंप करने को लेकर मुझे रोका।'
'200 रुपए मांगे'
महिला ने बताया, 'मैंने सिपाही से कहा कि मैंने रेड लाइट जंप नहीं की है। लेकिन अगर ऐसा हुआ है तो माफी मांगती हूं। उसके बाद सिपाही ने कहा कि वह मेरा चालान काटेगा। फिर उसने मुझसे गाड़ी के कागज मांगे। मैंने कागजात दे दिए। फिर उसने 200 रुपए मांगे। मैंने चालान की पर्ची मांगी। तब उसने पर्ची देने से मना कर दिया। उसने कहा कि 200 रुपए दो और जाओ। मैंने इनकार कर दिया। मैंने कहा कि आप चालान मेरे घर भिजवा सकते हो।'
'पुलिसवाले ने मेरा हाथ पकड़ा'
पीड़ित महिला का आरोप है, 'शायद मेरी बातों से वह नाराज हो गया। वह मुझे और मेरी बेटी गालियां देने लगा। उसने मेरा हाथ पकड़ा और मारा। उसने मेरे स्कूटर को भी नुकसान पहुंचाया। यही नहीं, उसने मेरी पीठ पर ईंट से वार भी किया।' महिला ने बताया कि उनकी बेटी ने पुलिस को 100 नंबर पर फोन भी किया था। इस घटना की चश्मदीद गवाह पीड़ित महिला की बेटी ने कहा, 'मेरी मां के पास हेल्मेट भी था, कागजात भी थे, तब भी पुलिसवाला पैसे मांग रहा था। जब मैंने 100 नंबर पर कॉल किया तो वह भागने लगा। तब पब्लिक ने उसे पकड़ लिया।'
महिला ने भी फेंका पत्थर
वीडियो देखने से साफ है कि पीड़ित महिला ने भी सिपाही की बाइक पर पत्थर फेंका था। इसी के बाद सिपाही ने महिला की पीठ पर पत्थर से वार किया। महिला ने इस बारे में कहा कि उसने बचने के लिए बाइक पर पत्थर फेंका था।
No comments:
Post a Comment