Wednesday, April 1, 2015

AAP के पूर्व MLA ने कहा- केजरीवाल ने मुझे बना लिया था बंधक

फाइल फोटो: आप के पूर्व विधायक हरीश खन्ना।
फाइल फोटो: आप के पूर्व विधायक हरीश खन्ना।
नई दिल्ली. 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नए आरोप लगे हैं। ताजा आरोप दिल्ली की तिमारपुर सीट से 'आप' के पूर्व विधायक हरीश खन्ना ने लगाया है। खन्ना का कहना है कि 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें केजरीवाल ने एक दिन के लिए बंधक बना लिया था। खन्ना ने कहा कि गाजियाबाद स्थित कौशांबी में उन्हें सुबह से लेकर शाम तक रोक कर रखा गया ताकि पार्टी के विधायकों को बीजेपी तोड़ न सके। यही नहीं, हरीश खन्ना ने यह भी आरोप लगाया है कि पिछले साल केजरीवाल ने बिजली के दाम बढ़ने की आशंका को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए 'आप' के विधायकों को 10-10 बसें भरकर लोगों को लाने का फरमान सुनाया था।
'केजरीवाल से हुई थी तू-तू, मैं-मैं'
हरीश खन्ना ने कहा, '5 जुलाई, 2014 को साउथ दिल्ली के इस्लामिक सेंटर में एक बैठक बुलाई गई थी। उसमें केजरीवाल ने कहा कि सभी को अपने पैसे और संसाधनों से लोगों को बसों में भरकर लाना है और इलाके को पोस्टरों से पाट देना है। इसका मैंने विरोध किया। मैंने ये भी कहा कि अगर हमलोग भी ये सब करेंगे तो हममें और दूसरी पार्टियों में अंतर क्या रह जाएगा? मेरी और केजरीवाल में तू-तू, मैं-मैं हुई।' खन्ना का दावा है कि उन्होंने इस घटना के एक दिन बाद यानी 6 जुलाई, 2014 को पार्टी को चिट्ठी लिखी कि वे अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। खन्ना ने कहा, 'विधायक के नाते मेरी जिम्मेदारी थी लिहाजा मैं इस्तीफा देना नहीं चाहता था।'
'दोबारा सरकार बनाने की थी तैयारी' 
हरीश खन्ना का कहना है कि यह बात सौ फीसदी सही है कि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस से मिलकर दोबारा सरकार बनाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस से बात नहीं बनी तो उन्होंने कांग्रेस को तोड़कर सरकार बनाने की कोशिश (जैसा कि राजेश गर्ग के स्टिंग में दिखाया गया है) की। हरीश खन्ना के अनुसार, '18 जुलाई को पटेल नगर इलाके में एक कार्यकर्ता के घर पर सभी विधायकों और पीएसी सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें ये कहा गया कि आप जनता के पास दोबारा जाएगी और उनसे पूछा जाएगा कि कांग्रेस से मिलकर सरकार बनाना चाहिए। इस बात का मैंने और कई लोगों ने विरोध किया और कहा कि हमलोगों ने खुद सरकार से इस्तीफा दिया है और दोबारा कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाना सिद्धांत के खिलाफ है। लेकिन केजरीवाल उप-राज्यपाल को एक पत्र भी दे आए, जिसमें उन्होंने कहा कि अभी विधानसभा भंग नहीं कीजिए। हम सरकार बनाने पर विचार कर रहे हैं।'
हरीश खन्ना ने कहा कि उस बैठक में केजरीवाल विधायकों को ये कह कर डरा रहे थे कि अगर सरकार नहीं बनाते हैं और दोबारा चुनाव में जाते हैं तो हम सभी हार जाएंगे। खन्ना के मुताबिक केजरीवाल ने तब कहा था, 'हम लोग बमुश्किल 6-8 लोग ही जीत पाएंगे।'

No comments:

Post a Comment