Tuesday, April 14, 2015

महिला कांग्रेसी MLA अरेस्ट, 4552 कारें चुराने वाले से रिश्ते रखने का आरोप

फाइल फोटोः कांग्रेस की गिरफ्तार विधायक रूमी नाथ। (फेसबुक पेज से ली गई फोटो)
फाइल फोटोः कांग्रेस की गिरफ्तार विधायक रूमी नाथ। (फेसबुक पेज से ली गई फोटो)
गुवाहाटी. देश के कई हिस्सों से करीब 4552 कारें चुराने के आरोपी अनिल चौहान के साथ रिश्ते रखने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को कांग्रेस की महिला विधायक रूमी नाथ को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि 6 अप्रैल को गुवाहाटी में अनिल को पुलिस ने कार चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद इस मामले में रूमी नाथ का नाम उछला था। अनिल से नजदीकी रिश्ते को लेकर असम विधानसभा के स्पीकर प्रणब गोगोई पहले ही रूमी नाथ से सफाई मांग चुके हैं। आरोप है कि रूमी ने कार चोर आरोपी अनिल को कई बार विधानसभा का पास दिलवाया और उससे चुराई कारें खरीदीं।
इस बीच, गिरफ्तारी से पहले बोरखोला से कांग्रेस विधायक रूमी नाथ ने कहा, ''इस मामले में अपनी ओर से सारी सफाई पेश कर चुकी हूं। पुलिस अपना काम करेगी, मुझे कानून पर भरोसा है।'' बता दें कि पिछले दिनों रूमी ने गुवाहाटी हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी जो खारिज हो गई थीं। इसी मामले में रूमी नाथ के दूसरे पति जैकी जाकिर को पुलिस ने पिछले हफ्ते ही गिरफ्तार किया था।
जालसाजी, साजिश रचने जैसी धाराओं के तहत गिरफ्तारी
असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर लाल बरुआ ने कहा, ''एमएलए हॉस्टल से मंगलवार की सुबह सात बजे विधायक को गिरफ्तार किया गया है। विधायक को दिसपुर पुलिस थाने में रखा गया, जहां उससे पूछताछ हो रही है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेने की कोशिश होगी।'' रूमी के खिलाफ पुलिस ने सेक्शन 120 बी, 420, 212 जैसी धाराएं लगाई हैं। रूमी के वकील प्रणब दास ने कहा, ''इस मामले में कई लोगों के पूछताछ हुई है। उनसे भी पूछताछ हो रही हैं। वह पुलिस के साथ सहयोग कर रही हैं। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी शिकायते हैं, वह ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित हैं, इसलिए हम अदालत में उन्हें जमानत देने की अपील करेंगे। ''

चुराई कार खरीद कर पति को गिफ्ट करने का आरोप, अनिल को जारी कराए थे पास
सूत्रों के मुताबिक, कई सालों से अनिल के रूमी नाथ से अच्छे संबंध थे। अनिल से रूमी ने एक महंगी कार ली थी जिसे उन्होंने अपने पति को गिफ्ट किया था। बताया जा रहा है कि वह कार भी चोरी की थी। इधर, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर क्यों 2013 से नाथ की सिफारिश पर अनिल को तीन मौकों पर विधानसभा के पास जारी किए गए थे। बता दें कि रूमी के कहने पर आरोपी अनिल को ड्राइवर के तौर पर पहली बार 2013 में पास जारी हुआ था। दूसरी बार उसके नाम जो पास जारी हुआ था, उसमें उसे कार का मालिक बताया गया था। अंतिम पास 29 जनवरी, 2015 में जारी हुआ था।

No comments:

Post a Comment