नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत, नेपाल और चीन में मंगलवार को भूकंप के छह झटके महसूस किए गए। मंगलवार को आए भूकंप में नेपाल में 28 और भारत में 18 लोगों के मारे जाने की खबर है। नेपाल में करीब 400 लोगों के घायल होने की खबर है। भूकंप का पहला झटका दोपहर 12:35 बजे आया। इसकी रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई गई है। इसके बाद 12 बजकर 47, एक बजकर 11 मिनट, 1:35 बजे ,1:42 बजे और छठा झटका 1:51 बजे महसूस किया गया। इसका प्रभाव दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश में भी महसूस किया गया। उत्तर प्रदेश के संभल और हमीरपुर में घर गिरने से दो व्यक्ति की मौत की खबर है। वहीं, बिहार में 16 की मौत हुई है। जानकारी के मताबिक, नेपाल के काठमांडू से 82 किमी दूर कोडारी के करीब चीन की सीमा के पास झाम भूकंप का केंद्र था। जमीन के 19 किमी अंदर इस भूकंप का केंद्र था। इसके अलावा, पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी आए भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। बता दें कि 25 अप्रैल को नेपाल में 7.9 तीव्रता वाला भूकंप आया था जिसके बाद भारी तबाही मची थी।
अपडेट्स
4:130 PM: भूकंप की वजह से बिहार में मरने वालों की तादाद बढ़कर 16 हुई।
-------------
4:15 PM: भूकंप को लेकर भारत में गृह मंत्रालय में गृह सचिव की अध्यक्षता में एऩडीआरएफ, विदेश मंत्रालय के अफसरों की बैठक जारी।
-------------
3:44 PM: नेपाल में भूकंप से मरने वालों की संख्या 28 पहुंची।
-------------
3:33 PM: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में निर्माणाधीन इमारत की छत गिरी। दो लोग घायल हुए।
-------------
3:12 PM: भूकंप के कारण बिहार में मरने वालों की संख्या 10 पहुंच गई है। पटना के बिहारी साव लेन में एक, दानापुर के आनंदपुर में एक, सीवान में एक, समस्तीपुर के कल्याणपुर में एक, दरभंगा के जगदीशपुर में 2 मौत हो गई है।
-------------
3:12 PM: भूकंप के कारण बंद किया गया नेपाल का काठमांडू एयरपोर्ट फिर से खोला गया।
-------------
3:09 PM: नेशनल इमरजेंसी कमेटी की बैठक चार बजे होगी। भूकंप से प्रभावित इलाकों का लिया जाएगा जायजा।
-------------
3:08 PM: नेपाल में 300 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना।
-------------
3:07 PM: रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान- नेपाल में भूकंप से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए काठमांडू से वायुसेना का MI-17 V5 ने भरी उड़ान।
-------------
3:05 PM: पीएम के आदेश पर गृहमंत्रालय ने गाजियाबाद, गुवाहाटी, कोलकाता और भटिंडा में एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट रहने को कहा।
-------------
3:00 PM: नेपाल के काठमांडू में नयाबाजार इलाके में एक इमारत गिरी। कई लोगों के दबे होने की आशंका।
-------------
2:42 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की हाईलेवल मीटिंग। पीएमओ अधिकारियों को दिया निर्देश- सभी आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रहने को कहा। नेपाल के हालात के बारे में भी जानकारी ली। @PMOIndia ने ट्वीट कर दी जानकारी।
-------------
2:40 PM: नेपाल में भारतीय दूतावास ने खोली हेल्पलाइन। +977851107021, +9779851135141 पर किया जा सकता है संपर्क।
-------------
2:33 PM: काठमांडू जा रही जेट एयरवेज की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया है।
-------------
2:25 PM: भूकंप के कारण बिहार में छह लोगों की मौत। उत्तर प्रदेश में भी दो लोगों के मौत की सूचना।
-------------
2:20 PM: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अस्पताल से भागे मरीज।
-------------
2:05 PM: मौसभ विभाग के महानिदेशक एलएस राठौड़ के मुताबिक आने वाले कई हफ्तों तक आते रहेंगे भूकंप के झटके। मौसभ विभाग के मुताबिक रिक्टर स्केल पर गोरखपुर में करीब 7, लखनऊ में 6 और दिल्ली में 5 की तीव्रता।
-------------
1.59 PM: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भूकंप के झटकों को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को दी जानकारी।
-------------
1.51 PM: भूकंप का छठवां झटका आया। नेपाल के कोडारी में रिक्टर पैमाने पर थी 5.2 तीव्रता।
-------------
1.48 PM: नेपाल के चौतारा में कई इमारतें गिरने की खबर। चार लोगों की मौत।
-------------
1:45 PM: नेपाल का काठमांडू एयरपोर्ट बंद किया गया।
-------------
1.42 PM: नेपाल के कोडारी में भूकंप का पांचवा झटका। रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 5.1 थी।
-------------
1.40 PM: नेपाल के सिंधुपाल चौक में लैंड स्लाइड, तीन लोग जख्मी।
-------------
1:35: नेपाल में फिर महसूस किया गया झटका। 45 मिनट के भीतर चौथा झटका।
-------------
1:30 PM: यूपी के संभल जिले में घर गिरने से एक व्यक्ति की मौत।
-------------
1:16 PM: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने नेपाल के राजदूत से की फोन पर बात। राजनाथ सिंह ने बताया कि केंद्रीय गृह सचिव एलसी गोयल ने नेपाल में भारत के राजदूत रंजीत रे से बातचीत की है। इसके अलावा एनडीआरएफ को अलर्ट पर रहने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
-------------
1:15 PM: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा डरने की जरूरत नहीं। नेपाल से सटे देश के इलाकों में महसूस किए गए हैं झटके। एनडीआरएफ की बैठक शुरू।
-------------
1:06 PM: फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके। नेपाल का कोडारी थी केंद्र। रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 6.3 थी।
-------------
1:50 PM: भूकंप के कारण लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकले।
-------------
12.47 PM: भूकंप का दूसरा झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 5.6 मापी गई।
-------------
12.40 PM: भूकंप के ताजा झटकों के बाद दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो का संचालन रोक दिया गया है। कोलकाता में भी मेट्रो ट्रेन के संचालन को रोक दिया गया। दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट का भी कामकाज रोक दिया गया।
-------------
12:35 PM: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में महसूस किए गए भूकंप के झटके। भूकंप का केंद्र नेपाल-चीन की सीमा। रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 7.4 थी।
आफ्टर शॉक नहीं है झटका
नेपाल में आए भूकंप के बाद विशेषज्ञों ने चेतावनी दी थी कि इसके कम से कम 10 आफ्टर शॉक्स आ सकते हैं और इसका प्रभाव भारत और खासकर उत्तर भारत पर हो सकता है। भूगर्भ शास्त्री अरुण बापट के अनुसार इसे आफ्टर शॉक नहीं माना जा सकता क्योंकि आफ्टर शॉक की तीव्रता इतनी नहीं होती। अगर यह आफ्टर शॉक होता तो इसकी तीव्रता 6.3 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए थी। लेकिन यह 7.1 तीव्रता का झटका था इसलिए ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
No comments:
Post a Comment