Tuesday, May 19, 2015

अलगाववादी आसिया बोली- कश्‍मीर में माहौल खराब करना चाहते हैं सलमान

 सलमान ने अपनी यह फोटो मंगलवार को ट्वीट की।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी ने एक्टर सलमान खान को उस बयान के लिए आड़े हाथों लिया है, जिसमें उन्होंने घाटी में सिनेमाहॉल्स के दोबारा खोले जाने की पैरवी की थी। अंद्राबी के मुताबिक, सिनेमा एक बुराई है और इससे घाटी में माहौल खराब होगा। पाकिस्तान का समर्थन करने वाले संगठन दुख्तरन ए मिल्लत से जुड़ी अंद्राबी ने कहा कि सलमान हत्यारे हैं।
सलमान खान हिट एंड रन केस में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद इन दिनों जम्मू-कश्मीर की वादियों में फिल्म 'बजरंगी भाईजान' की बची हुई शूटिंग कर रहे हैं।
क्या कहा था सलमान ने
सलमान ने कहा था, ''हर कोई यहां फिल्में देखता है। सिनेमा थियेटर्स को यहां दोबारा से खोलना चाहिए। अगर यहां थिएटर दोबारा से खोले जाते हैं तो हम यहां फिल्म की प्रीमियर के लिए आना पसंद करेंगे।'' बता दें कि 1989 में कश्मीर में जब आतंकवाद का दौर था, उस वक्त एक स्वयंभू आतंकी नूर खान की अगुआई में आतंकियों ने घाटी में सिनेमाहॉल और शराब की बिक्री पर रोक लगवा दी थी। यह आतंकी अल्लाह टाइगर नाम के संगठन से जुड़ा हुआ था, जो अब खत्म हो चुका है।
सलमान ने की जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती की तारीफ
सलमान खान यहां की प्राकृतिक खूबसूरती में खो गए हैं। मंगलवार को उन्होंने कश्मीर की खूबसूरती की तारीफ करते हुए एक के बाद एक कई ट्वीट किए। कश्मीर के नजारों का जिक्र करते हुए सलमान को अपनी एक्स गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस कैटरीना कैफ की याद आ गई। एक ट्वीट में उन्होंने इसका जिक्र किया और लिखा, ''माशाअल्लाह, माशाअल्लाह...माशाअल्लाह से याद आया कि कैटरीना कैफ भी कश्मीर से ही हैं।''
सलमान बोले- कहीं जन्नत है तो वह इधरिच है, इधरिच है, इधरिच है
सलमान खान ने अपने ट्वीट्स में कश्मीर की खूबसूरती की जमकर तारीफ की। उन्होंने एक फोटो ट्वीट करके लिखा, ''कश्मीर नहीं देखा तो क्या देखा कहते हैं? कहीं जन्नत है तो वह इधरिच है, इधरिच है, इधरिच है।'' एक अन्य फोटो के साथ लिखा, ''वाह मजा आ गया, कमाल करते हो कश्मीरजी।'' एक और ट्वीट में सलमान में लिखा, ''कश्मीर के सेव से भी स्वीटर हैं कश्मीरी बच्चे।'' उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर में केवल टूरिज्म, टूरिज्म और टूरिज्म की बाढ़ आनी चाहिए।

कश्मीर में विधवा की मदद कर चुके हैं सलमान
पिछले दिनों कश्मीर में शूटिंग के वक्त पहलगाम में 75 साल की एक गरीब महिला जायना बेगम सलमान से मिलने आई थीं। उन्होंने अपनी तकलीफ सुनाई, जिसके बाद सलमान ने इस विधवा की मदद की। सलमान व्यस्त होने के बावजूद न केवल जायना से मिले, बल्कि उनके 18 साल के पोते गौहर अहमद को शूटिंग यूनिट में नौकरी दे दी। उन्होंने गौहर से वादा किया कि कश्मीर में फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद भी वो मुंबई में उनके साथ इस काम को जारी रख सकते हैं। सलमान ने उनकी फैमिली को भरोसा दिलाया कि उन्हें कभी किसी चीज की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

No comments:

Post a Comment