Wednesday, March 18, 2015

सेमीफाइनल की तैयारी में पाक, टीम में शामिल हो सकते हैं नंबर 1 बॉलर अजमल

खेल डेस्क. पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर और दुनिया के नंबर वन बॉलर सईद अजमल पाकिस्तान की टीम में शामिल हो सकते हैं। ये कहना है पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख शहरयार खान का। उन्होंने कहा, “यदि पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो बोर्ड ऑफ स्पिनर सईद अजमल को ऑस्ट्रेलिया भेजने पर विचार कर सकता है।” गौरतलब है कि शुक्रवार को पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया से क्वार्टर फाइनल खेलना है। लेकिन लगता है इससे पहले ही पाक ने सेमीफाइनल की तैयारी शुरू कर दी है।

सईद अजमल
मोहम्मद इरफान की जगह हो सकते हैं शामिल

क्वार्टर फाइनल से पहले ही पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव है और जांच रिपोर्ट्स के बाद ये साफ हो गया है कि वो आगे नहीं खेल पाएंगे। पीसीबी प्रमुख खान ने कहा, “सईद अजमद मौजूदा टूर्नामेंट में इरफान की जगह ले सकते हैं। क्वार्टर फाइनल से इरफान चोट के कारण बाहर हो चुके हैं, लेकिन उनकी जगह फिलहाल हम कोई रिप्लेसमेंट नहीं भेज रहे हैं, क्योंकि इसके लिए टाइम ही नहीं है। लेकिन यदि टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो अजमल को ऑस्ट्रेलिया भेजा जा सकता है।”
जुनैद खान के नाम पर भी हो रहा है विचार
पीसीबी ने साफ किया है कि अभी अजमल के नाम पर सिर्फ विचार हो रहा है। उनके अलावा पेस बॉलर जुनैद खान के नाम पर भी विचार चल रहा है। शहरयार खान ने कहा, “जुनैद खान को भी मो. इरफान की जगह भेजा जा सकता है, लेकिन वो खुद भी अभी तक चोट से नहीं उबर पाए हैं और पिछले काफी समय से क्रिकेट से दूर हैं।” गौरतलब है कि जुनैद खान पाकिस्तान की वर्ल्ड कप टीम में शामिल थे, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही एक कैम्प के दौरान वो घायल हो गए थे।

No comments:

Post a Comment