Tuesday, May 12, 2015

दिल्ली डेयरडेविल्स ने बताया, फ्लॉप युवराज को 16 करोड़ में क्यों खरीदा ?

युवराज सिंह।
युवराज सिंह।

खेल डेस्क. दिल्ली डेयरडेविल्स ने आईपीएल-8 के सबसे महंगे खिलाड़ी युवराज सिंह के फ्लॉप होने पर बचाव किया है अधिक कीमत में खरीदने पर सफाई दी है। 16 करोड़ के युवी ने इस सीजन में अब तक सिर्फ 18 के एवरेज से रन बनाए हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स के सीईओ हेमंत दुआ ने कहा है कि आईपीएल के बाजार ने युवराज सिंह की 16 करोड़ रुपए की कीमत निर्धारित की और फ्रेंचाइजी को इसका कोई अफसोस नहीं है। फ्रेंचाइजी 33 साल के इस स्टार की इस सीजन में असफलता के बावजूद उनका पूरा समर्थन करती है। गौरतलब है कि युवराज ने आईपीएल-8 में 12 मैचों में 18.63 की औसत से 205 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो हाफ सेन्चुरी लगाई।

बाजार पर निर्धारित है कीमत

दिल्ली डेयरडेविल्स के सीईओ दुआ ने कहा, "हम 14 करोड़ या 16 करोड़ के बारे में सोच रहे हैं, लेकिन यह सब बाजार पर निर्धारित है। युवराज ने ठीक कहा था कि उन्होंने इस कीमत के लिए नहीं कहा था। यह सब कुछ बाजार पर आधारित था।" दिल्ली डेयरडेविल्स के सीईओ ने साफ किया कि टीम और फ्रेंचाइजी पूरी तरह से युवराज सिंह के साथ है। बड़ी कीमत और खराब परफॉर्मेंस की तुलना बेकार है। बार-बार कीमत के बारे में बात होती है तो खिलाड़ी पर दबाव बनता है और वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी भी एक इंसान है और किसी की भी इतनी आलोचना ठीक नहीं।
पूरी टीम युवराज के साथ
उन्होंने कहा, "हमें विश्वास है कि जल्द ही युवराज का खराब फॉर्म पीछे छूट जाएगा। पूरी टीम उनके साथ है। उन्हें लेना हमारी कोई गलती नहीं थी। युवराज सिंह और जहीर खान जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टीम में लेने पर दुआ ने कहा कि यदि खिलाड़ी लंबे समय तक खेलने को तैयार हैं तो हमें कोई परेशानी नहीं। खिलाड़ी का करियर उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है। कोई खिलाड़ी कब तक खेलेगा यह उसका निजी फैसला होता है।"
युवराज को कम कीमत पर खरीदना चाहते थे
दुआ ने ये भी कहा कि वो युवराज को इससे कम कीमत पर खरीदना पसंद करते, लेकिन जब बोली लगनी शुरू हुई तो वो काफी ऊपर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि एक फ्रेंचाइजी के रूप में हम चाहते थे कि कीमत जितनी कम हो उतना अच्छा है, दूसरी फ्रेंचाइजी टीमें बोली बढ़ाती जा रही थीं।

No comments:

Post a Comment