Saturday, May 9, 2015

ये खिलाड़ी बना चेन्नई का सबसे बड़ा विलेन, पलभर में टूटा धोनी का भरोसा

पवन नेगी के ओवर में लगे 4 छक्के।
पवन नेगी के ओवर में लगे 4 छक्के।

खेल डेस्क. टी20 का रोमांच क्या होता है, यह शुक्रवार को चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले गए मैच से पता चलता है। एक समय चेन्नई की जीत निश्चित दिख रही थी, लेकिन सिर्फ एक ओवर या कहें सिर्फ चार गेंदों ने पलभर में सबकुछ बदल दिया। वही बॉलर मैच का सबसे बड़ा विलेन बन गया, जिसने मैच में अपने पहले तीन ओवर सबसे शानदार फेंके थे। उस बॉलर का नाम है पवन नेगी। आईपीएल में 15 मैच खेल चुके पवन नेगी ने अपने पहले 3 ओवर्स में सिर्फ 10 रन खर्च किए थे, लेकिन मैच का 19वां और अपना आखिरी ओवर फेंकने आए नेगी ने उस ओवर में 24 रन खर्च कर डाले और मैच चेन्नई के हाथों से फिसल गया। मुंबई ने चेन्नई को 6 विकेट से हरा दिया।
एक ओवर से धोनी का टूटा विश्वास
मुंबई को 18 गेंदों में जीत के लिए 34 रनों की जरूरत थी। धोनी ने 18वां ओवर ड्वेन ब्रावो को दिया। ब्रावो ने उस ओवर में सिर्फ 4 रन खर्च किए। अब मुंबई को जीत के लिए 12 गेंदों में 30 रनों की जरूरत थी, जो काफी मुश्किल दिख रही थी। 19वां ओवर फेंकने के लिए धोनी के पास तीन बॉलर्स थे। मोहित शर्मा, आशीष नेहरा और पवन नेगी। मोहित शर्मा 2 ओवर्स में 19 रन खर्च कर चुके थे और आशीष नेहरा 3 ओवर्स में 45 रन खर्च कर चुके थे। वहीं, नेगी ने 3 ओवर्स में सिर्फ 10 रन ही खर्च किए थे। इन आंकड़ों को देखते हुए धोनी ने मुश्किल घड़ी में अनुभवी बॉलर्स की जगह नेगी पर भरोसा जताया, लेकिन नेगी उस ओवर में धोनी की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उस ओवर में 4 छक्के लगे, जबकि एक रन बाई में मिले।
कप्तान धोनी हुए दुखी
उस निर्णायक ओवर के बाद धोनी काफी दुखी दिखे। वे खुदपर अफसोस जताते दिखे। धोनी इतने गुस्से में थे कि मैच खत्म होने के बाद वे अकेले ही ड्रेसिंग रूम की ओर लौटने लगे। जब उनसे इसबारे में पूछा गया तो उन्होंने यह स्वीकार किया कि नेगी ने पहले अच्छी बॉलिंग की थी, इसलिए उसे मौका दिया गया, लेकिन यह अफसोस की बात है कि वह उस ओवर में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका।
19वें ओवर का हाल (बॉलर : पवन नेगी)
पहली बॉल : हार्दिक ने लगाया छक्का।
दूसरी बॉल : नहीं बना कोई रन।
तीसरी बॉल : हार्दिक ने लगाया छक्का।
चौथी बॉल : हार्दिक ने फिर लगाया छक्का।
पांचवीं बॉल : बाई में मिला एक रन।
छठी बॉल : अंबाती रायुडू ने लगाया छक्का।

No comments:

Post a Comment